बेहतर खेती कैसे करें? कृषक वैज्ञानिक वार्तालाप में दी गई जानकारी!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: कृषक स्वर्ण समृद्धि सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा कृषक वैज्ञानिक वार्तालाप का एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विधायक डॉ सत्येन्द्र यादव द्वारा किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने किसानों को श्री अन्न की खेती एवं उनके महत्त्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान किसानों से कहा कि सभी किसान भाई-बहन कृषि विज्ञान केन्द्र माँझी के संपर्क में रहें एवं वैज्ञानिकों द्वारा बताई गई नई टेक्नोलॉजी एवं ज्ञान का उपयोग खेती में करें, जिससे कि किसान अपनी उपज बढ़ा सके। कार्यक्रम में वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. संजय कुमार राय द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र में चलायी जा रही विभिन्न योजनाओं, रबी की मुख्य फसलों, जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम की विभिन्न तकनीकों के विषय में किसानों को विस्तार से बताया गया। उद्यान विशेषज डॉ. जितेन्द्र चंदोला ने प्राकृतिक खेती, पोषण वाटिका एवं फलों के नए बाग लगाने और उसके महत्व के बारे में किसानों को विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सितम्बर माह में चलाए जा रहे कार्यक्रम स्वच्छता पखवाड़ा, हिन्दी पखवाड़ा एवं पोषण माह के विषय में भी किसानों को अवगत कराया।
डॉ. सुषमा टम्टा, विषय वस्तु विशेषज्ञ (कृषि अभियंत्रण) ने कृषि मशीनीकरण पर ज़ोर दिया। उन्होंने रबी में उपयोग आने वाली मशीनों जैसे ज़ीरो टिलेज,रेस बेड प्लांटर, पोटैटो प्लांटर, पोटैटो हार्वेस्टर आदि मशीनों के विषय में विस्तार से चर्चा की। पादप संरक्षण विषेशज्ञ डॉ. जीर विनायक ने फसलों के कीटो एवं रोगों के बारे में किसानों को बताया। डॉ. विजय कुमार ने भी मिट्टी की जाँच के विषय में किसानों को विस्तार से बताया एवं मिट्टी में उपस्थित आर्गेनिक कार्बन के महत्व के विषय में किसानों को अवगत कराया।
वहीं सभी किसानों ने वैज्ञानिको से वार्तालाप की तथा अपना अपना सुझाव साझा किया। कार्यक्रम के दौरान केवीके के डॉ.चैतन्या, रामा रंजन, अमित आनंद, राकेश कुमार, रविरंजन कुमार, उमाशंकर, अवनीश पाण्डेय ने भी अपना सहयोग दिया। कार्यक्रम के दौरान रामलगन यादव, शत्रुघ्न यादव, हीरा लाल यादव, मनी यादव, संतोष कुमार सिंह, अमरनाथ तिवारी, रविन्द्र राम, दरोगा यादव, अनीता देवी, फुलझड़ी कुंवर आदि किसान भी उपस्थित रहे।