ट्यूशन से लौटे तीन किशोर तालाब में नहाने उतरे, दो की डूबने से मौत; तीसरे की तलाश जारी
घाट पर मिली साइकिल, बैग और कपड़ों से हुआ अनहोनी का खुलासा; एसडीआरएफ ने घंटों की मशक्कत के बाद दो शव निकाले, पिपरा गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में तीन किशोर तालाब में डूब गए। तीनों किशोर ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान तालाब के घाट पर साइकिल खड़ी कर वे नहाने के लिए पानी में उतर गए। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में चले गए।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। घंटों चले तलाशी अभियान के बाद दिव्यांशु कुमार और अंश कुमार के शव बरामद कर लिए गए, जबकि तीसरे किशोर नवनीत कुमार की तलाश जारी रही।
मृतकों की पहचान पिपरा गांव निवासी कमलेश सिंह के 14 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार, सुशील कुमार सिंह के 12 वर्षीय पुत्र अंश कुमार तथा सोनू कुमार के 12 वर्षीय पुत्र नवनीत कुमार के रूप में हुई है।
साइकिल और बैग से हुआ अनहोनी का अंदेशा
बताया जाता है कि तीनों किशोर ट्यूशन से पढ़ाई कर साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव के तालाब के घाट पर पहुंचने के बाद उन्होंने साइकिल खड़ी कर दी। इसके बाद बैग और कपड़े घाट पर रखकर तीनों तालाब में नहाने उतर गए।
काफी देर तक जब तीनों घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान राहगीरों की नजर तालाब के घाट पर खड़ी साइकिल और पड़े बैग पर पड़ी। घाट पर किसी किशोर को नहीं देखकर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। बैग की जांच करने पर उसमें दिव्यांशु का स्कूल आईकार्ड मिला, जिसके आधार पर उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई।
घाट पर पहुंचते ही मच गई चीख-पुकार
घटना की सूचना मिलते ही तीनों किशोरों के परिजन तालाब के घाट पर पहुंचे। वहां साइकिल, बैग और कपड़े देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर सहाजितपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। तीन किशोरों के तालाब में डूबने की पुष्टि होने के बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया।
एक-एक कर मिले दो शव, तीसरे की तलाश जारी
एसडीआरएफ की टीम ने काफी देर तक तालाब में तलाशी अभियान चलाया। मशक्कत के बाद दिव्यांशु कुमार और अंश कुमार के शव बरामद कर लिए गए। शव बाहर निकलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं, तीसरे किशोर नवनीत कुमार की तलाश में एसडीआरएफ की टीम अभियान चलाती रही।
एक साथ तीन किशोरों के तालाब में डूबने की घटना से पिपरा गांव में मातम पसरा हुआ है। पढ़ाई के बाद घर लौट रहे किशोरों के साथ हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

