मांझी-एकमा मुख्य मार्ग पर गड्ढे में मिली किशोरी की लाश, तीन दिन से थी लापता
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी-एकमा मुख्य मार्ग पर हलखोरी साह उच्च विद्यालय के समीप मंगलवार की सुबह सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे से 15 वर्षीया किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के चकाजी गांव निवासी नन्हक साह की पुत्री मधु कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे गड्ढे में पानी के ऊपर शव को उपलाते देखा। इसके बाद इसकी सूचना मांझी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव मिलने की खबर फैलते ही मृतका के परिजनों समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों ने शव की पहचान मधु कुमारी के रूप में की। बताया गया कि मधु शनिवार से ही रहस्यमय तरीके से घर से लापता थी। परिजन रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। किशोरी के लापता होने को लेकर परिजनों ने पुलिस को आवेदन भी दिया था। आवेदन के आधार पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। हालांकि बाद में परिजनों ने हिरासत में लिए गए युवक को निर्दोष बताते हुए अपना आवेदन वापस ले लिया था।
इधर, शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
मृतका पांच बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, किशोरी की मौत को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

