दुर्गा पूजा को लेकर चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक
पूजा पंडालों में सीसीटीवी लगाने और निर्धारित मानक के अनुसार ध्वनि का उपयोग करने का निर्देश
सिवान (बिहार): आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चैनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विजय रंजन ने की।
बैठक में प्रशासन की ओर से दुर्गा पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष विजय रंजन ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही निर्धारित मानक के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं बाजा का उपयोग करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और किसी संदिग्ध या भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें। उन्होंने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बैठक में अंचलाधिकारी उदयन सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जदयू नेता बंटी कुमार गुप्ता, रमेश तिवारी, दीपक तिवारी, संतोष यादव, राजन पटेल, अमित कुमार, चंदन सिंह, दिलीप सिंह सहित सभी साइबर सेनानी, दुर्गा पूजा समिति के सदस्य, डीजे संचालक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मीडिया कर्मी एवं चैनपुर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

