राजस्व अमीनों का एक दिवसीय धरना, 10 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन तेज
बिहार राजस्व अमीन संघ का ऐलान—मांगें पूरी नहीं हुईं तो 6 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: बिहार राजस्व अमीन संघ के राज्यव्यापी आह्वान पर सोमवार को सारण जिला इकाई की ओर से नगर पालिका चौक पर एक दिवसीय धरना दिया गया। धरने में राजस्व अमीनों की लंबित मांगों को लेकर सरकार और विभाग के प्रति असंतोष जताया गया। संघ ने मांगों पर ठोस पहल नहीं होने की स्थिति में 06 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर जाने की घोषणा की है।
धरने का नेतृत्व बिहार राजस्व अमीन संघ, सारण के अध्यक्ष अशोक प्रसाद, जिला मंत्री संजीत कुमार और बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रमंडलीय सचिव उपेन्द्र नाथ पाण्डेय ने किया।
मांगों के समर्थन में एकजुटता का आह्वान
धरने को संबोधित करते हुए जिला मंत्री संजीत कुमार ने अमीनों की जायज मांगों के समर्थन में एकजुट रहने की अपील की। वहीं, संघ अध्यक्ष अशोक प्रसाद ने आंदोलन को और तेज करने का आह्वान किया।
प्रमंडलीय मंत्री उपेन्द्र नाथ पाण्डेय ने संघ की 10 सूत्री मांगों का समर्थन करते हुए 6 अक्टूबर से प्रस्तावित सामूहिक अवकाश के निर्णय का भी समर्थन किया। धरने में महिला सदस्यों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया। अमीषा सिन्हा ने आंदोलन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का समर्थन किया।
मंच का संचालन सुरेन्द्र ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला संयुक्त सचिव संजय कुमार ने किया।
पदोन्नति और वेतनमान प्रमुख मांग
संघ की प्रमुख मांगों में अमीन संवर्ग में त्रिस्तरीय पदोन्नति की व्यवस्था शामिल है। संघ का कहना है कि अमीनों को कानूनगो/राजस्व अधिकारी या समकक्ष पद पर प्रथम प्रोन्नति, इसके बाद सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी/अंचल अधिकारी या समकक्ष पद तथा आगे राजस्व सेवा संवर्ग के अनुरूप पदोन्नति का अवसर मिलना चाहिए।
संघ ने अमीन पद का वेतनमान Pay Level-3 से बढ़ाकर Level-6 करने की भी मांग की है। संघ का तर्क है कि वर्तमान में अमीन पद के लिए तकनीकी शैक्षणिक योग्यता निर्धारित है और कार्य की प्रकृति भी तकनीकी है।
पदनाम बदलने की भी मांग
अमीन पद का नाम बदलकर “सहायक राजस्व अधिकारी-तकनीकी (ARO-Tech)” करने की मांग भी संघ ने रखी है। संघ का कहना है कि अमीन राजस्व एवं भूमि संबंधी तकनीकी कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए पदनाम भी कार्य की प्रकृति और जिम्मेदारी के अनुरूप होना चाहिए।
सेवा संपुष्टि से लेकर स्थानांतरण तक कई मांगें
संघ ने दो वर्ष की संतोषजनक सेवा पूरी कर चुके अमीनों की सेवा संपुष्टि तत्काल करने की मांग की है। इसके अलावा मापी कार्य के दौरान अमीनों की सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी और जंजीरवाहक उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
दूर-दराज के जिलों में पदस्थापित अमीनों के लंबित स्थानांतरण को शीघ्र पूरा करने, मापी कार्य के लिए वाहन भत्ता/यात्रा भत्ता देने और क्षेत्रीय कार्य की प्रकृति को देखते हुए अमीनों को बायोमेट्रिक उपस्थिति से मुक्त करने की मांग भी संघ ने उठाई है।
नई SOP में संशोधन की मांग
संघ ने विभाग की ओर से जारी नई SOP में व्यावहारिक कठिनाइयों और समस्याओं का हवाला देते हुए आवश्यक संशोधन एवं स्पष्ट मार्गदर्शन की मांग की है। संघ के अनुसार, इस संबंध में पहले भी विभाग को पत्र भेजकर समस्याओं से अवगत कराया गया है।
संघ ने कहा कि विभागीय स्तर पर 15 मई 2026 को हुई वार्ता में मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन मिला था। इसके बावजूद मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से अमीनों में असंतोष है।
धरने में राहुल कुमार गोंड, मनीष कुमार शर्मा, आयुष कुमार, आलोकनाथ, अर्णव कुमार, निशा कुमारी, शिव सागर, सौरव, मधु, शिवम, राजू सहित बड़ी संख्या में अमीन एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे।

