सारण के सभी प्रखंडों में 6 से 8 अक्टूबर तक लगेगा ‘सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार’
पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित आवेदनों व शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर रहेगा जोर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के सभी प्रखंडों में 6, 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को ‘सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार’ का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य आमजनों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों से संबंधित आवेदनों, लंबित लाभ और शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है।
इन शिविरों में भारत सरकार की 26 योजनाओं के साथ-साथ राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शिविर में योजनाओं के संभावित लाभार्थियों तथा लंबित लाभ एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों के त्वरित निष्पादन का प्रयास किया जाएगा।
शिविरों के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए जिले के सभी प्रखंडों में वरीय पदाधिकारियों को प्रभारी एवं नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है। जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि ‘सरकार आपके द्वार’ अभियान के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को उनके नजदीक लाया जा रहा है, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

