सेवा सेतु शिविर में विधायक छोटी कुमारी शामिल, समस्याओं के त्वरित समाधान पर दिया जोर
प्रखंड स्तर पर आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रखंड स्तर पर आयोजित ‘सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में विधायक छोटी कुमारी शामिल हुईं। कार्यक्रम में बीस सूत्री उपाध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह, बीस सूत्री सदस्य धर्मेंद्र कुमार साह, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष रिंकू सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि ‘सेवा सेतु शिविर’ का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण हैं। पात्र लाभुकों से शिविर में आवेदन प्राप्त कर उनका समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
विधायक ने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी लोगों को उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी शिकायतों एवं आवेदनों को दर्ज कर उनके निराकरण की प्रक्रिया भी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से शिविर में प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करने और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

