सारण: बंद घर में बड़ी चोरी, 2 लाख से अधिक के सामान पर चोरों ने किया हाथ साफ
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के नचाप गांव में बंद पड़े एक घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने मकान के कई कमरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन, गैस सिलेंडर और नकदी समेत करीब 2 लाख रुपये से अधिक के सामान पर हाथ साफ कर दिया। मामले में पीड़ित उमेश सिंह ने मांझी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी के अनुसार उमेश सिंह पिछले करीब तीन महीने से अपने पोते-पोतियों की पढ़ाई के सिलसिले में लखनऊ स्थित अपने निजी आवास पर रह रहे हैं। नचाप स्थित उनका पैतृक घर बंद था। उनके चचेरे भाई अखिलेश सिंह भी दिल्ली में रहते हैं और दोनों का मकान संयुक्त है।
बताया गया कि 2 अक्टूबर की सुबह पड़ोसी प्रदीप सिंह ने फोन कर उमेश सिंह को सूचना दी कि घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ है और उसका ताला टूटा पड़ा है। सूचना मिलने के बाद उमेश सिंह 5 अक्टूबर को लखनऊ से नचाप पहुंचे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि तीन कमरों के ताले टूटे हुए थे और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के मुताबिक चोर घर से तिलक में मिला पीतल के बर्तनों का पूरा सेट, सोने-चांदी के कुछ आभूषण, गैस सिलेंडर और करीब 10 हजार रुपये नकद समेत लगभग 2 लाख रुपये का सामान ले गए।
वहीं, उनके चचेरे भाई अखिलेश सिंह के दो कमरों के ताले भी टूटे मिले। वहां से पीतल के बर्तन और ट्रंक में रखे 15 हजार रुपये नकद गायब मिले।
उमेश सिंह ने प्राथमिकी में अपने एक पड़ोसी सहित कुछ अन्य लोगों पर चोरी में संलिप्त होने का संदेह जताया है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

