खरीफ विपणन मौसम 2025-26: CMR आपूर्ति की अवधि बढ़ाने की मांग, पैक्स व व्यापार मंडलों को मिल सकती है राहत
पटना, 06 अक्टूबर 2026
बिहार सरकार के सहकारिता विभाग ने खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के अंतर्गत अधिप्राप्त धान के समतुल्य सीएमआर (Custom Milled Rice) की आपूर्ति की अवधि बढ़ाने के लिए खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, भा.प्र.से. की ओर से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पैक्सों, व्यापार मंडलों एवं मिलों में अभी भी धान/सीएमआर की अवशेष मात्रा उपलब्ध है।
पत्र में बताया गया कि राज्य खाद्य निगम को चावल आपूर्ति की अवधि पहले 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाने का अनुरोध किया गया था, लेकिन अवधि विस्तार से संबंधित अग्रेतर सूचना अभी प्राप्त नहीं हुई है।
विभाग ने उपलब्ध अवशेष धान/सीएमआर को देखते हुए राज्य खाद्य निगम को चावल आपूर्ति की अवधि आदेश जारी होने की तिथि से 15 दिनों के लिए अथवा 30 अक्टूबर 2026 तक, जो भी निर्धारित हो, बढ़ाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
इस अवधि विस्तार से पैक्सों, व्यापार मंडलों और संबंधित मिलों को लंबित सीएमआर की आपूर्ति पूरी करने का अतिरिक्त अवसर मिल सकता है। पत्र की प्रतिलिपि बिहार राज्य खाद्य निगम, पटना के प्रबंध निदेशक को भी सूचनार्थ भेजी गई है।


