एकमा में सघन वाहन जांच, 8 चालकों से 16,500 रुपये जुर्माना
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए एकमा थाना पुलिस ने गुरुवार को एकमा-परसा मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। थानाध्यक्ष राम बालक यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोपहिया वाहनों को रोककर हेलमेट, वाहन के कागजात सहित अन्य जरूरी नियमों की जांच की।
जांच के दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने, ट्रिपल लोडिंग और आवश्यक कागजात नहीं रखने वाले वाहन चालकों पर विशेष नजर रखी गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 बाइक चालकों से कुल 16,500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
अचानक शुरू हुए वाहन जांच अभियान से चालकों में हड़कंप मचा रहा। कई चालक पुलिस जांच से बचने के लिए दूसरे रास्तों से निकलते नजर आए।
थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने वाहन चालकों से हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने और वाहन के सभी जरूरी कागजात साथ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

