पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशनों पर चला स्वच्छता अभियान, छपरा-सीवान समेत 13 स्टेशनों पर जागरूकता रैली
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: रेलवे बोर्ड के निर्देश पर पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) अनुभव पाठक के नेतृत्व में 8 अक्टूबर को आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी जंक्शन, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ, बेलथारा रोड, सलेमपुर और प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।
स्वच्छता रैली और नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश
अभियान के दौरान स्वच्छता रैली निकालकर यात्रियों और आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रैली में स्वच्छता संबंधी नारे, पोस्टर और बैनर के माध्यम से स्वच्छ रेल एवं स्वच्छ भारत का संदेश दिया गया।
वहीं, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को स्वच्छता के महत्व तथा रेलवे परिसर को साफ रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
रेलवे ट्रैक के आसपास भी हुई गहन सफाई
अभियान के तहत शहरी स्थानीय निकायों के सहयोग से रेलवे स्टेशनों से सटे ट्रैक के किनारे और आसपास के क्षेत्रों से कचरा हटाकर गहन सफाई कराई गई। यात्रियों को कूड़ेदान के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कूड़ेदानों के पास जागरूकता संबंधी साइनबोर्ड भी लगाए गए। इसके अलावा रेलवे कॉलोनियों और अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
उद्घोषणा के जरिए यात्रियों से अपील
स्टेशनों और ट्रेनों में जनउद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्वच्छता संबंधी घोषणाएं कर यात्रियों से स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की अपील की गई। रेलवे ने यात्रियों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और रेलवे परिसरों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया है।

