जिउतिया नहान की खुशियों पर पसरा मातम, पोखर में डूबने से 11 वर्षीय किशोरी की मौत
ममेरी बहन को बचाने की कोशिश में दूसरी किशोरी भी डूबी, स्थानीय लोगों ने बचाया; सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जिउतिया पर्व से पहले नहाय-खाय के मौके पर घर-परिवार में उत्साह का माहौल था। इसी बीच बनियापुर थाना क्षेत्र के लौवां कला गांव में माई धीया मंदिर के समीप स्थित पोखर में स्नान करने के दौरान दो किशोरियां गहरे पानी में डूब गईं। हादसे में 11 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई, जबकि दूसरी किशोरी को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचा लिया। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया।
मृतका की पहचान लौवां कला निवासी श्रीराम राय की 11 वर्षीय पुत्री परिधि कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, बचाई गई किशोरी की पहचान सिवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के पांडेयपुर निवासी संजीत यादव की 15 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। ज्योति अपने दादा जवाहर राय के घर आई हुई थी। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है और छपरा सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
मृतका के नाना जवाहर राय ने बताया कि दोनों ममेरी बहनें घर की महिलाओं के साथ जिउतिया पर्व को लेकर पोखर में स्नान करने गई थीं। स्नान के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। दोनों को डूबता देख महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद ज्योति को पानी से बाहर निकाला। पानी अधिक पी लेने के कारण उसकी हालत गंभीर थी। इसके बाद परिधि को भी पोखर से बाहर निकाला गया। परिजन दोनों को तत्काल रेफरल अस्पताल बनियापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने परिधि को मृत घोषित कर दिया। ज्योति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया।
जिउतिया नहान के दौरान हुए इस हादसे की खबर जैसे ही गांव में फैली, पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर बनियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और परिधि के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

