गांधी-शास्त्री जयंती पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
अरियाव गांव में आयोजित प्रतियोगिता में सुहानी और देवव्रत कुमार रहे प्रथम, विजेताओं को साइकिल, घड़ी सहित दिए गए पुरस्कार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के शीतलपुर पंचायत के अरियाव गांव में शुक्रवार को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व सरपंच सह मुखिया प्रतिनिधि शम्भू नाथ सिंह, शिक्षक नन्दलाल राम, शिव देव साह एवं डॉ. अनवर उर्फ मुन्ना ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान के अलावा केंद्र एवं राज्य से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के ज्ञानवर्धन, मानसिक विकास तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत करना बताया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी सुहानी एवं देवव्रत कुमार ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान अमन साह एवं आरव कुमार सिंह तथा तृतीय स्थान हिना खातून एवं यश कुमार रहे। विजेता प्रतिभागियों को साइकिल, घड़ी, पंखा, आयरन, दीवार घड़ी सहित विभिन्न पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता की अध्यक्षता करते हुए शम्भू नाथ सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बच्चों से महात्मा गांधी के बताए रास्ते सत्य, अहिंसा और सामाजिक एकता के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों के मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि और तैयारी की क्षमता भी बढ़ती है।
कार्यक्रम का संचालन आफताब आलम ने किया।
इस अवसर पर अम्बिका प्रसाद वर्मा, डॉ. सचिन कुमार, सुशील मांझी, हेमनारायण सिंह, दिलीप पंडित, शैलेंद्र कुमार, विक्की कुमार, संजीव कुमार पंडित, अखिलेश महतो, विकास महतो, विजेश्वर प्रसाद, संजीत ठाकुर, शिलानाथ प्रसाद एवं विवेक कुमार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

