सारण: मक्के की बाली को लेकर हुए विवाद ने ली बुजुर्ग की जान, गांव में पसरा मातम
पटना PMCH में इलाज के दौरान तोड़ा दम, घटना के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची रनपट्टी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के रनपट्टी गांव में पिछले शनिवार को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय श्रीभगवान महतो की गुरुवार की सुबह पटना पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर-2 प्रेमचंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रनपट्टी गांव पहुंची। मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
मृतक की पत्नी चंद्रावती देवी ने मारपीट को लेकर मांझी थाने में कांड संख्या 468/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में गांव के स्व. कन्हैया सिंह के पुत्र सुमित कुमार सिंह उर्फ दरोगा सिंह को आरोपित किया गया है।
प्राथमिकी के अनुसार, श्रीभगवान महतो को बुलाकर ले जाने के बाद उनके साथ मारपीट की गई तथा सिर पर लाठी से वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल अवस्था में उन्हें पहले मांझी अस्पताल और फिर छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया गया है कि श्रीभगवान महतो आरोपित के खेत में बटाई पर मक्के की खेती करते थे।
एसडीपीओ सदर-2 प्रेमचंद्र सिंह ने बताया कि 26 सितंबर को मक्के की बाल को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। इसी दौरान एक युवक श्रीभगवान महतो को अपने दरवाजे पर बुलाकर ले गया, जहां पीछे से उनके सिर पर लाठी से वार किए जाने की बात सामने आई है। इस मामले में पहले से प्राथमिकी दर्ज है। बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
एसडीपीओ ने यह भी बताया कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद 112 पुलिस वाहन समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका। उन्होंने इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद कुमार को संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

