मार्कशीट के अभाव में विद्यार्थियों में आक्रोश, विद्यार्थी परिषद ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
सारण (बिहार): पीजी सत्र 2024-26 के विद्यार्थियों की मार्कशीट अब तक उपलब्ध नहीं होने को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की राजेंद्र कॉलेज इकाई के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार को ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जताई।
विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 5 अक्टूबर निर्धारित है, लेकिन बड़ी संख्या में नियमित विद्यार्थियों को अभी तक उनकी मार्कशीट उपलब्ध नहीं कराई गई है। परिषद के कार्यकर्ताओं के अनुसार, कुछ विद्यार्थियों की मार्कशीट कॉलेज तक पहुंच चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में नियमित विद्यार्थियों की मार्कशीट अब भी लंबित है।
मार्कशीट नहीं मिलने के कारण विद्यार्थी असमंजस में हैं कि परीक्षा संबंधी प्रक्रिया कैसे पूरी की जाए। इसको लेकर विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज प्रशासन से तत्काल पहल करने की मांग की है।
इस अवसर पर जिला संयोजक भास्कर कुमार ने कहा कि हर बार परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि सामने आ जाती है, लेकिन विद्यार्थियों की मार्कशीट समय पर उपलब्ध नहीं हो पाती। उन्होंने कहा कि कुछ विद्यार्थियों की मार्कशीट भेजकर बाकी विद्यार्थियों को उनके हाल पर छोड़ना उचित नहीं है। विश्वविद्यालय प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सभी विद्यार्थियों को समय पर मार्कशीट मिले और किसी भी नियमित विद्यार्थी को प्रशासनिक कारणों से परीक्षा फॉर्म भरने से परेशानी न हो।
विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज प्रशासन से विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग से तत्काल समन्वय स्थापित कर लंबित सभी मार्कशीट उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पर्याप्त समय देने की मांग की। परिषद ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मामले में शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला संयोजक भास्कर कुमार, कॉलेज इकाई अध्यक्ष राकेश शर्मा, नगर सह मंत्री रंकित सिंह, शिवम मिश्रा और आशुतोष कुमार उपस्थित रहे।

