गोविंदापुर पुल के नीचे पानी में मिला अधेड़ का शव, इलाके में फैली सनसनी
रविवार शाम बाजार जाने के बाद थे लापता, सोमवार सुबह महिलाओं ने पानी में उपलाता शव देखा; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के गोविंदापुर गांव में सोमवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुल के नीचे पानी में एक अधेड़ व्यक्ति का शव उपलाता हुआ मिला। शव मिलने की खबर तेजी से आसपास के गांवों में फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। बाद में मृतक की पहचान ढेबर गांव निवासी पुण्यदेव मांझी के रूप में की गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।
सोमवारी पूजा के लिए जा रही महिलाओं की पड़ी शव पर नजर
जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह गांव की कुछ महिलाएं सोमवारी पूजा के लिए जा रही थीं। इसी दौरान एक महिला की नजर गोविंदापुर पुल के नीचे पानी में उपलाते हुए शव पर पड़ी। शव देखते ही महिला ने इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दरौंदा थाने की पुलिस को दी।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से निकलवाया
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह के निर्देश पर एसआई सूर्य कुमार 112 टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अब मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
रविवार शाम महाराजगंज बाजार जाने के बाद नहीं लौटे थे घर
परिजनों के अनुसार, पुण्यदेव मांझी रविवार की शाम महाराजगंज बाजार जाने के लिए घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार को दोपहर के समय परिजनों को जानकारी मिली कि गोविंदापुर गांव के समीप पुल के पास पानी में एक व्यक्ति का शव मिला है। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान पुण्यदेव मांझी के रूप में की।
पत्नी का पहले हो चुका है निधन, चार पुत्रों के सिर से उठा पिता का साया
बताया जाता है कि पुण्यदेव मांझी के चार पुत्र हैं। इनमें तीन पुत्रों की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्र अभी अविवाहित है। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। अब पुण्यदेव मांझी की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
मौत कैसे हुई? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
गोविंदापुर पुल के नीचे पानी में शव मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पुण्यदेव मांझी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
गोविंदापुर पुल शव, दरौंदा समाचार, सीवान न्यूज, पुण्यदेव मांझी, गोविंदापुर में शव, दरौंदा थाना, सीवान सदर अस्पताल, अधेड़ का शव, पानी में मिला शव, Bihar News

