“जनता के दरबार में जिलाधिकारी”: 59 मामलों की सुनवाई, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: “सबका सम्मान, जीवन आसान” के उद्देश्य के साथ आयोजित “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम के तहत सोमवार को आमलोगों की समस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने कुल 59 फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। यह कार्यक्रम प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिससे आमजन को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
जनता दरबार में आए अधिकांश मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े थे। एकमा के एक आवेदक ने जमीन की मापी नहीं होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी एकमा को अविलंब मापी कराने का निर्देश देते हुए स्वयं इस मामले की निगरानी करने का निर्णय लिया। वहीं मकेर के एक आवेदक द्वारा बंदोबस्त पर्चे की जमीन पर दखल-कब्जा दिलाने की गुहार लगाई गई, जिस पर संबंधित अंचलाधिकारी को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में नयागांव थाना क्षेत्र की एक महिला ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। सोनपुर के एक आवेदक ने गलत वंशावली के आधार पर उनकी खतियानी जमीन की बिक्री और दाखिल-खारिज किए जाने की शिकायत की, जिस पर भू-उपसमाहर्ता सोनपुर को अपील वाद के माध्यम से सुनवाई कर उचित निर्णय लेने का निर्देश दिया गया।
अन्य मामलों में भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार के माध्यम से प्रशासन आमलोगों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है।
Saran DM Janta Darbar, Chapra News, Bihar Administration, Public Grievance

