नई सड़क बनी मुसीबत: ताजपुर चौक पर हल्की बारिश में ही जलजमाव, लोगों में आक्रोश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के ताजपुर चौक पर हाल ही में बनी सड़क पहली ही हल्की बारिश में पानी से भर गई, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। एकमा से डूमाईगढ़ सड़क के चौड़ीकरण और निर्माण के कुछ ही दिनों बाद इस तरह का जलजमाव निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यह चौक क्षेत्र का मुख्य केंद्र है, जहां हर समय लोगों की भीड़ रहती है और वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है, ऐसे में पानी भरने से आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नई सड़क उनके लिए सुविधा के बजाय समस्या बन गई है। दुकानदार विनोद कुमार ने बताया कि जलजमाव के कारण ग्राहक दुकानों तक आने से कतराने लगे हैं, जिससे व्यवसाय पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो चौक के आसपास के दर्जनों व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं।
स्थिति यह है कि चौक पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। अभी केवल हल्की बारिश में ही यह हाल है, ऐसे में बरसात के मौसम में हालात और भी भयावह होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीण, दुकानदार और राहगीर सभी इस स्थिति से परेशान हैं और प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर सड़क की खामियों को दूर करने की मांग कर रहे हैं।
Manjhi Tajpur Waterlogging, Road Construction Issue, Saran News, Bihar Local Problem

