सारण: दोस्त ने दोस्त को मारी गोली, नशे में धुत आरोपी दोस्त गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में शुक्रवार को दोस्ती उस समय खूनी विवाद में बदल गई, जब एक युवक ने अपने ही दोस्त को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गोली युवक के दाहिने पैर में लगी और आर-पार निकल गई। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मांझी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल की पहचान सिवान जिले के असाव थाना क्षेत्र निवासी अजय सिंह के 21 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह इन दिनों मांझी के ताजपुर स्थित अपने मामा श्याम बहादुर सिंह के घर रह रहा था। घायल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका दोस्त विकास कुमार सिंह, जो फुलवरिया गांव का निवासी है, अपने घर में टाइल्स लगवा रहा था। विकास के कहने पर वह एक बोरी सीमेंट उसके घर पहुंचाने गया था। सीमेंट रखने के बाद दोनों एक कमरे में बैठे थे, तभी विकास ने अचानक पिस्टल निकालकर उसके पैर में गोली मार दी।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी मिलने पर एसडीपीओ-2 राज कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की।
थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी युवक शराब के नशे में था। पुलिस ने घायल के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है तथा हथियार के संबंध में भी पूछताछ जारी है।
मांझी गोलीकांड, सारण अपराध, दोस्त ने दोस्त को मारी गोली, फुलवरिया गांव, मांझी थाना, छपरा क्राइम, बिहार समाचार

