खेत में काम करने गई युवती से सामूहिक दुष्कर्म, 4 घंटे के भीतर चार आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत स्थित एक खेत में काम करने गई युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद मांझी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती खेत में अकेले काम करने गई थी। इसी दौरान चार युवकों ने उसे अकेला पाकर कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल छापेमारी कर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए सारण के पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) विनीत कुमार तथा सदर एसडीपीओ-2 स्वयं मांझी पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़िता से पूछताछ की तथा हिरासत में लिए गए चारों आरोपियों से भी गहन पूछताछ की।
एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना की पुष्टि हुई है। पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस पूरे मामले की विधिसम्मत जांच कर रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा पीड़िता के कपड़ों सहित अन्य आवश्यक नमूने जांच के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मांझी गैंगरेप, सारण अपराध, डुमरी पंचायत, मांझी थाना, चार आरोपी गिरफ्तार, एसएसपी विनीत कुमार, सारण न्यूज, बिहार क्राइम न्यूज

