मालदा बीएसएफ कैंप में जवान ने सहकर्मियों पर चलाई गोली, मांझी के हवलदार अजय कुमार सिंह समेत दो की मौत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह:पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित बीएसएफ कैंप में हुई गोलीबारी की घटना में मांझी नगर पंचायत के उत्तर टोला निवासी बीएसएफ हवलदार अजय कुमार सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि क्वार्टर गार्ड की सजा से नाराज शिवम कुमार मिश्रा नामक जवान ने अपने तीन सहकर्मी जवानों पर गोली चला दी। इस घटना में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में मांझी नगर पंचायत के उत्तर टोला निवासी 51 वर्षीय बीएसएफ हवलदार अजय कुमार सिंह भी शामिल हैं। घटना की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। अजय कुमार सिंह अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दूसरे भाई अभय सिंह आईटीबीपी में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि तीसरे भाई अमर सिंह मुजफ्फरपुर में कल्याण पदाधिकारी हैं। सबसे छोटे भाई अमन सिंह भारतीय सेना में कर्नल के पद पर तैनात हैं।
बताया गया कि मृतक हवलदार अजय कुमार सिंह के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा एकमात्र अविवाहित पुत्री है। उनके पिता एवं भूतपूर्व सैनिक मदन सिंह की करीब 15 वर्ष पूर्व टमटम के घोड़े के हमले में मृत्यु हो गई थी। अजय कुमार सिंह की मौत की खबर से परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मृतक के चाचा एवं अधिवक्ता उदय प्रताप सिंह तथा शिक्षक पुरुषोत्तम नारायण सिंह ने दी। स्थानीय लोगों ने अजय कुमार सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी सहानुभूति जताई है।
मालदा बीएसएफ कैंप गोलीकांड, अजय कुमार सिंह, मांझी बीएसएफ जवान, बीएसएफ जवान की मौत, पश्चिम बंगाल मालदा खबर, मांझी समाचार, सारण समाचार, बीएसएफ कैंप फायरिंग

