सारण: 68 लाख की सनसनीखेज साइबर ठगी, गांव के ही लोगों ने रची साजिश; एक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के नचाप गांव में रिश्तों और भरोसे को शर्मसार कर देने वाली करीब 68 लाख रुपये की बड़ी साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के ही कुछ लोगों पर सुनियोजित तरीके से झूठी कहानी गढ़कर एक व्यक्ति को सीमेंट कारोबार में भारी मुनाफे का सपना दिखाने तथा बाद में इनकम टैक्स, ईडी और सीबीआई कार्रवाई का भय दिखाकर वर्षों तक रुपये ऐंठने का आरोप लगा है। मामले के उजागर होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पीड़ित धनंजय सिंह की शिकायत पर माँझी थाना में प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस ठगी में एक संगठित नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
प्राथमिकी के अनुसार आरोपियों ने खुद को सीमेंट स्टॉकिस्ट रोहण अग्रवाल का करीबी बताते हुए पहले पीड़ित को व्यवसाय में साझेदारी का झांसा दिया। इसके बाद फर्जी कारोबारी लेन-देन, सरकारी एजेंसियों की कार्रवाई और कानूनी फंसाव का डर दिखाकर वर्ष 2022 से अब तक पीड़ित, उसकी पत्नी, पुत्र और बड़े भाई के बैंक खातों के माध्यम से तथा नकद रूप में कुल 67 लाख 90 हजार 125 रुपये वसूल लिए। लंबे समय तक भरोसे और डर के माहौल में फंसे रहने के कारण पीड़ित लगातार रकम देता रहा।
बताया जाता है कि जब धनंजय सिंह को पूरे मामले में ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपियों ने साफ तौर पर रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद मामला उजागर हुआ।
माँझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा पूरे गिरोह की भूमिका की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है और जल्द ही पूरे साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
#CyberFraud #Manjhi #Saran #BiharNews #CrimeNews #CyberCrime #PoliceAction #FraudCase #BreakingNews #BiharPolice

