विश्व तंबाकू निषेध दिवस-
तंबाकू कंपनियों के निशाने पर युवा पीढ़ी, भ्रामक विज्ञापनों से बढ़ रही लत की समस्या
सिंगरामऊ (उत्तर प्रदेश): 31 मई 2026
विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय "आकर्षण का पर्दाफाश करना : निकोटिन और तंबाकू की लत का मुकाबला करना" रखा गया। कार्यक्रम में युवाओं पर तंबाकू उत्पादों के बढ़ते नकारात्मक प्रभाव, भ्रामक विज्ञापनों और निकोटिन की लत से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए संस्था के टीम लीडर महेंद्र कुमार शुक्ला ने कहा कि आज तंबाकू कंपनियां युवाओं और किशोरों को अपना सबसे बड़ा उपभोक्ता वर्ग बनाने में जुटी हुई हैं। क्योंकि रंग- बिरंगी पैकेजिंग, आकर्षक प्रचार, नए- नए फ्लेवर और आधुनिक उत्पादों के माध्यम से युवाओं को लुभाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में अधिकांश बच्चे और युवा वर्ग अपने चहेते दोस्तों के दबाव, जिज्ञासा या शौक के कारण तंबाकू उत्पादों का सेवन करते हैं, लेकिन धीरे- धीरे यह आदत गंभीर लत में बदल जाती है।
उन्होंने बताया कि निकोटिन का सेवन शरीर और मस्तिष्क दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इससे रक्तचाप बढ़ता है, हृदय गति तेज होती है और शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा भी प्रभावित होती है। काफ़ी लंबे समय तक तंबाकू का सेवन फेफड़ों के कैंसर, मुंह के कैंसर, स्ट्रोक तथा सीओपीडी जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और आंखों में बेहतर भविष्य के सपने होने चाहिए, उस उम्र में कई बच्चे तंबाकू की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं।
चंदौली से आए सामाजिक कार्यकर्ता रामा तिवारी ने बताया कि भारत में दुनिया के लगभग 12 प्रतिशत धूम्रपान करने वाले लोग रहते हैं, प्रति वर्ष 10 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु तंबाकू जनित बीमारियों के कारण होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक करने और समाज में तंबाकू विरोधी माहौल बनाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों को विशेष रूप से प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षित वॉलंटियर अब ग्रामीण क्षेत्रों में घर- घर जाकर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर सत्यजीत, लालमणि मिश्रा, अंजलि, विपिन कुमार, शिव कुमार, आदित्य तिवारी, अक्षय तिवारी, आद्या तिवारी, दुर्गेश कुमार और सद्दाम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

