सारण में वज्रपात का कहर: खेत में काम कर रहे वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत, गांव में मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले में आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। रिविलगंज थाना क्षेत्र के गोरिया छपरा दियारा इलाके में खेत में काम कर रहे एक वृद्ध किसान की वज्रपात की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल कायम है।
मिली जानकारी के अनुसार गोरिया छपरा दियारा निवासी 60 वर्षीय चंद्रमा चौधरी अपने खेत में परवल तोड़ने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक तेज आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद खेत में मौजूद लोगों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चंद्रमा चौधरी को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वज्रपात से हुई इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि चंद्रमा चौधरी मेहनती किसान थे और परिवार के पालन-पोषण के लिए खेती-किसानी का कार्य करते थे। उनकी अचानक मौत से पूरे इलाके में दुख का माहौल है।
#Saran #Chapra #Lightning #Thunderstorm #Farmer #BiharNews #Revelganj #WeatherAlert #Accident #BreakingNews

