लोक शिकायत मामलों की सुनवाई में डीएम ने दिखाई सख्ती, कई अधिकारियों से मांगा जवाब
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के तहत द्वितीय अपील से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए कुल 15 शिकायतों का निपटारा किया। सुनवाई के दौरान अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा सुनवाई के दौरान कुल 15 मामलों पर विचार किया गया, जिसमें 09 मामलों में अंतिम आदेश पारित किया गया, जबकि शेष 06 मामलों में संबंधित लोक प्राधिकार को पूर्ण प्रतिवेदन के साथ अगली तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
सुनवाई के दौरान दिघवारा प्रखंड के राई पट्टी गांव निवासी लाल जी पंडित से संबंधित अतिक्रमण हटाने के मामले में अंचलाधिकारी, दिघवारा द्वारा बिना पूर्ण रूप से अतिक्रमण हटाए त्रुटिपूर्ण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। इस मामले में अंचलाधिकारी का वेतन स्थगित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया।
वहीं बनियापुर की परिवादी माया देवी एवं नेहा कुमारी के राशन कार्ड निर्माण से संबंधित मामले में अत्यधिक विलंब पाए जाने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, बनियापुर से स्पष्टीकरण तलब किया गया। साथ ही जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पूरे मामले की गहन समीक्षा कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि लोक शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निवारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिहार लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों को सजग, संवेदनशील एवं सक्रिय रहना होगा।
#LokShikayat #Saran #Chapra #DM #BiharNews #PublicGrievance #VaibhavSrivastava #BiharGovernment #SecondAppeal #Administration

