मांझी वार्ड पार्षद हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के गोढा गांव में हुए वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर हत्याकांड में सारण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति (26 अप्रैल 2026) के अनुसार, मांझी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में मांझी थाना कांड संख्या 220/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की गई, जिसके परिणामस्वरूप दो आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अनिल यादव (पिता-दशरथ यादव, निवासी-चौनपुर, थाना मांझी) तथा विवेक कुमार गुप्ता (पिता-शत्रुघ्न गुप्ता, निवासी-मांझी गोढा) शामिल हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांड के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और शेष अभियुक्तों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
Manjhi murder case, Saran police action, Bihar crime news, arrest update

