सारण: घर में घुसकर लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, पटना रेफर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के माड़ीपुर कला गांव में गुरुवार की देर रात अपराधियों ने घर में घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया। लूट का विरोध करने पर अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। घायल युवक को पहले छपरा में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी चिंताजनक स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया।
बताया जाता है कि गुरुवार की रात लगभग डेढ़ बजे दो अपराधी घर में घुसकर सामान लेकर भाग रहे थे। इसी दौरान माड़ीपुर कला गांव निवासी स्वर्गीय विश्वनाथ सिंह के पुत्र नितेश कुमार सिंह ने साहस दिखाते हुए अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया। युवक ने बक्सा लेकर भाग रहे अपराधियों को दबोच लिया, लेकिन खुद को बचाने के लिए अपराधियों ने नितेश कुमार सिंह को गोली मार दी। गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं एसडीपीओ राज कुमार ने भी घटनास्थल का मुआयना कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।
परिजनों ने बताया कि घायल नितेश कुमार सिंह कोलकाता में रहकर ड्राइवरी का काम करता है और कुछ दिनों पूर्व ही गांव आया था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है तथा गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
मांझी लूट कांड, माड़ीपुर कला गोलीकांड, सारण अपराध समाचार, युवक को गोली, मांझी थाना, छपरा न्यूज, पटना रेफर, बिहार क्राइम न्यूज, घर में लूट, सारण पुलिस

