बिहार: बंद बेसमेंट से ई-रिक्शा बैटरियों का जखीरा बरामद, बैटरी चोर गिरोह का खुलासा
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र में टोटो एवं ई-रिक्शा बैटरी चोरी से जुड़े एक बड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। दरौंदा पुलिस ने सूर्या रेस्टोरेंट के नीचे स्थित एक बंद बेसमेंट में छापेमारी कर भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने मौके से 36 बैटरियां, 218 बैटरी टिप्पी तथा तारों के कटे हुए टुकड़े जब्त किए हैं। मामले में सिरसाव पंचायत के मुखिया धनु भारती एवं रविंद्र कुमार की भूमिका संदिग्ध मानते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार एक जून की रात दरौंदा थाना की गश्ती टीम एनएच-531 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूर्या रेस्टोरेंट के समीप बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी पर सवार युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन कोरारी खुर्द के पास वह स्कूटी छोड़कर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। मौके से पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की जुपिटर-125 स्कूटी तथा एक बड़ा पेचकस बरामद किया।
इसके बाद पुलिस जब पुनः सूर्या रेस्टोरेंट के पास पहुंची तो बेसमेंट के निकट मौजूद एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति भी फरार हो गया। तलाशी के दौरान बेसमेंट के बाहर आठ बैटरियां, बड़ी संख्या में बैटरी टिप्पी तथा तारों के कटे हुए टुकड़े मिले। पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त बेसमेंट भवन मालिक एवं सिरसाव पंचायत के मुखिया धनु भारती के अधीन है।
पुलिस ने बेसमेंट के अंदर छापेमारी कर ईस्टमैन कंपनी की 18, लीडर कंपनी की चार, अमरॉन कंपनी की पांच तथा ओकाया मैक्स राइडर कंपनी की एक बैटरी बरामद की। पुलिस के अनुसार सभी बैटरियों से तेजाब निकाला जा चुका था तथा उनमें टिप्पी नहीं लगी थी। बाहर बरामद आठ बैटरियों को मिलाकर कुल 36 बैटरियां जब्त की गईं। इसके अलावा 218 बैटरी टिप्पी और भारी मात्रा में कटे हुए तार भी बरामद किए गए।
दरौंदा पुलिस ने पूरे मामले को संगठित चोरी गिरोह से जुड़ा मानते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही कई और खुलासे हो सकते हैं।
सीवान समाचार, दरौंदा थाना, बैटरी चोरी गिरोह, ई-रिक्शा बैटरी चोरी, टोटो बैटरी चोरी, सूर्या रेस्टोरेंट, धनु भारती, सीवान क्राइम न्यूज, दरौंदा पुलिस, बिहार अपराध समाचार
#Siwan #Darauda #BiharNews #CrimeNews #BatteryTheft #ERickshaw #PoliceRaid #SiwanPolice #BiharCrime #LocalNews

