दो दिन में ही उखड़ने लगी सड़क, एकमा नगर पंचायत में घटिया निर्माण का आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-10 में हाल ही में बनी पीसीसी सड़क निर्माण को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। नगर पंचायत द्वारा महज दो दिन पूर्व कराए गए सड़क निर्माण में अब दरारें पड़ने लगी हैं और कई जगहों पर सड़क उखड़ती दिखाई दे रही है। सड़क की स्थिति देखकर स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता मानकों का बिल्कुल पालन नहीं किया गया। सड़क बनने के तुरंत बाद ही उसमें लंबी-लंबी दरारें दिखाई देने लगीं, जिससे नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि कार्यपालक पदाधिकारी, कनिय अभियंता तथा संबंधित वार्ड पार्षद की मिलीभगत से निम्न गुणवत्ता वाली सामग्री का इस्तेमाल किया गया।
बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह एवं नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा भी किया गया था। इस दौरान उनके द्वारा सड़क की गुणावता को लेकर सख्त चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति से नगर पंचायत वासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकारी राशि की खुली लूट की जा रही है और जनता के पैसे से केवल खानापूर्ति की जा रही है।
नगर पंचायत वासियों ने सारण के जिलाधिकारी वैभव कुमार से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। मौके पर दर्जनों नगर पंचायत वासी मौजूद रहे और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
Ekma Nagar Panchayat Road, Crack in PCC Road, Poor Road Construction, Saran News, Ekma Ward 10, Dhumal Singh, Bihar Road Scam, Nagar Panchayat News, Road Construction

