राष्ट्रीय युवा प्रेरक मनीष कुमार के आगमन को लेकर तैयारियाँ पूरी, सैकड़ों युवाओं को मिलेगा प्रेरणा का संदेश
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार की स्थानीय युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ सारण के द्वारा युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं सकारात्मक जीवन- दृष्टि के निर्माण के लिए एक भव्य निःशुल्क मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन 06 जून को शहर के शिल्पी चौक स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर में किया गया है। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्तर के युवा मार्गदर्शक एवं विगत 33 वर्षों से युवाओं को प्रेरित करने वाले मनीष कुमार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। साथ ही युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान शिक्षाविद सह समाजसेवियों में अभिनंदन कुमार शर्मा, शिक्षक विकास कुमार सिंह, शिक्षक कुंदन कुमार, बीएसएफ के जवान निरंजन कुमार तथा रजनीश राज के द्वारा संयुक्त रूप से बताया गया कि वर्तमान समय में युवा वर्ग अनेक प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में सही मार्गदर्शन और सकारात्मक प्रेरणा की अत्यंत आवश्यकता है। वक्ताओं ने यह भी बताया कि सेमिनार में युवाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने, विद्यार्थी जीवन को सफल बनाने, नकारात्मक विचारों से मुक्ति पाने, नशा मुक्त जीवन अपनाने तथा मोबाइल, सोशल मीडिया साइट्स, ऑनलाइन गेम्स और अनावश्यक डिजिटल लत से बचने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि यह सेमिनार पूर्णतः निःशुल्क है। जिसमें जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, निजी शिक्षण संस्थानों एवं ग्रामीण- शहरी क्षेत्रों के सैकड़ों युवा भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” के संदेश को जन- जन तक पहुंचा कर एक जागरूक, संस्कारित और सकारात्मक युवा समाज का निर्माण करना है। मालूम हो कि अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की स्थानीय इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ सारण विगत एक वर्षों से शहर और जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क मोटिवेशनल सेमिनार, बाल संस्कारशाला, वृक्ष गंगा अभियान से संबंधित कार्यों को अनवरत करते आ रहा है, ताकि समाज में एक सकारात्मक संदेश दिया जाए। इस अवसर पर कुमार शशि राज, अभिषेक चौबे, अमित, सत्यम राज, ऋषिकांत, अभिजीत कुमार, दीपू सहित दर्जनों स्वयंसेवी मौजूद रहे।

