आबू धाबी कमाने गया माँझी का युवक 20 दिनों से लापता, परिजनों ने सांसद और डीएम से लगाई मदद की गुहार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के आदर्श ग्राम बरेजा निवासी 24 वर्षीय युवक विवेक ठाकुर के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक लगभग आठ माह पूर्व अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए एजेंट के माध्यम से रोजगार की तलाश में आबू धाबी गया था, लेकिन बीते करीब 20 दिनों से उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। युवक के अचानक संपर्क टूट जाने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
लापता युवक विवेक ठाकुर स्वर्गीय अमर ठाकुर का पुत्र है। बताया जाता है कि विवेक के पिता की लगभग 16 वर्ष पूर्व मजदूरी के दौरान ही मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी विधवा मां ने मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण किया। विवेक दो भाई और दो बहनों में बड़ा था। एक बहन की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन और छोटा भाई अभी भी परिवार के साथ हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवेक विदेश जाकर कमाने लगा था ताकि घर की जिम्मेदारियों को संभाल सके।
परिजनों के अनुसार लगभग 20 दिन पहले से विवेक न तो कंपनी में मौजूद है और न ही अपने कमरे पर। उसके मोबाइल से भी कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। लगातार खोजबीन और जानकारी लेने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। बेटे के लापता होने के बाद उसकी मां समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए परिजनों ने सारण सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल तथा जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव से मिलकर युवक को सुरक्षित खोज निकालने में मदद की गुहार लगाई है। परिजनों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से विदेश मंत्रालय एवं संबंधित एजेंसियों के माध्यम से त्वरित कार्रवाई कराने की मांग की है, ताकि युवक का पता चल सके और उसे सुरक्षित वापस लाया जा सके।

