मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले में 14 जून एवं 17 जून को आयोजित होने वाली मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित इस लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि परीक्षा दोनों दिनों में दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। जिले में कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक परीक्षा दिवस पर 10,334 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले पहुंचने, अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने तथा केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन कराने का निर्देश दिया। परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा जोनल दंडाधिकारी, जोनल पुलिस पदाधिकारी तथा उड़नदस्ता टीमों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, जिन्हें लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने के लिए सभी केंद्रों पर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की है। साथ ही जैमर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगाए जाएंगे ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी या इलेक्ट्रॉनिक कदाचार की संभावना न रहे।
परीक्षा की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06152-242444 जारी किया गया है। नियंत्रण कक्ष में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती कर उन्हें परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग का दायित्व सौंपा गया है।
बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी समेत सभी उड़नदस्ता, जोनल एवं स्टैटिक दंडाधिकारी तथा केंद्राधीक्षक उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी तरह स्वच्छ, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
#SaranNews #Chapra #RecruitmentExam #ExcisePolice #DM #SSP #BiharNews #PoliceRecruitment #BreakingNews #SaranPolice

