हो गया बड़ा खुलासा: जहरीली शराब पिलाकर की गई थी हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पिलाकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 7 जून 2026 को अमनौर थाना में एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति सुदामा राम को उमेश राय द्वारा शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद सुदामा राम की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।
परिजनों द्वारा गंभीर हालत में उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने अमनौर थाना कांड संख्या-236/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त अभियुक्त उमेश राय उर्फ पुनित राय को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमनौर थाना क्षेत्र के सहादी गांव निवासी दीनदयाल राय के पुत्र उमेश राय उर्फ पुनित राय के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का सत्यापन कर रही है। वहीं, इस कांड में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
सारण पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में अमनौर थाना के थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
#SaranNews #Amanour #PoliceAction #CrimeNews #BiharNews #SaranPolice #BreakingNews #LiquorCase #MurderCase #HindiNews

