मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और संकल्प का स्वर्णिम काल : राजीव प्रताप रूडी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर इसे भारत के आत्मविश्वास, सुशासन, गरीब कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के अभूतपूर्व उत्कर्ष का कालखंड बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जो देशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए सांसद रूडी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, 81 करोड़ नागरिकों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराने तथा 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर देने जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT), स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बिहार को ₹9.23 लाख करोड़ से अधिक की वित्तीय सहायता तथा ₹1.25 लाख करोड़ के विशेष पैकेज का लाभ मिला है। रेलवे, सड़क, एक्सप्रेसवे, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और विमानन क्षेत्र में हुए निवेश ने बिहार के विकास को नई गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से सारण को भी कई ऐतिहासिक विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। बाकरपुर-डुमरिया घाट फोरलेन, गंगा-अम्बिका भवानी पथ, गंगा पर प्रस्तावित नया छह लेन पुल, हरिहरनाथ कॉरिडोर तथा सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं सारण को विकास, पर्यटन, उद्योग और संपर्क के नए केंद्र के रूप में स्थापित करेंगी।
सांसद रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और आत्मगौरव के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण, नई संसद, नई शिक्षा नीति और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाए गए कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व सेवा से सुशासन, संकल्प से सिद्धि और विकास से विश्वास की यात्रा का प्रतीक है। विकसित भारत का संकल्प आज 140 करोड़ भारतीयों का संकल्प बन चुका है और देश उसी दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का सपना शीघ्र ही साकार होगा।
Rajiv Pratap Rudy, Narendra Modi 12 Years, Modi Government Achievement, Saran News, Bihar BJP News, Developed India Mission, BJP Press Release

