गृह सचिव दीपक सिंह का पैतृक गांव गोबरही दौरा, शिवशक्ति धाम में की पूजा-अर्चना, जिला प्रशासन अनजान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: उत्तर प्रदेश के गृह सचिव दीपक सिंह शनिवार को अपने पैतृक गांव मांझी स्थित गोबरही टोला पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध शिवशक्ति धाम मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। करीब एक घंटे के निजी दौरे पर आए श्री सिंह ने गांव के परिजनों एवं ग्रामीणों से मुलाकात की और इसके बाद वापस लखनऊ लौट गए। खास बात यह रही कि उनके इस दौरे की भनक तक सारण जिला प्रशासन को नहीं लग सकी।
लगभग एक दशक बाद अपने पैतृक गांव पहुंचे दीपक सिंह के आगमन से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया। गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र की स्थिति की जानकारी भी ली।
शिवशक्ति धाम मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। इस अवसर पर मंदिर के संयोजक विजय सिंह, जदयू नेता सुनील सिंह, शिक्षक त्रिगुणा सिंह, धीरेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र सिंह तथा सोनू सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

