शिलान्यास के एक साल बाद भी शुरू नहीं हुआ चाटेया गांव का सड़क निर्माण कार्य
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिसवन प्रखंड क्षेत्र के चाटेया गांव में सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। करीब एक वर्ष पूर्व लगभग 11 लाख 96 हजार रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता रूपेश कुमार यादव ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। बारिश के कारण सड़क पर पानी जमा हो गया है, जिससे बाइक सवार राहगीर और ग्रामीण अक्सर हादसे का शिकार हो रहे हैं। कई स्थानों पर ईंटकरण सड़क भी टूट चुकी है, जिससे आवागमन और अधिक कठिन हो गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर संबंधित विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह को कई बार फोन और मेल के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क छपरा और सिवान मुख्य मार्ग को जोड़ती है, इसलिए इसका महत्व काफी अधिक है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण नहीं कराना था तो शिलान्यास क्यों किया गया। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि गांव में एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाएं आसानी से पहुंच सकें और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
Chateya village road, Siswan road construction, Siwan road problem, Chateya road dilapidated, delay in road construction, Siwan rural problem, Karnajit Singh Beas Singh, Bihar road news, Siswan block news, Chateya village news

