मोबाइल लेने लौटा हत्यारा चढ़ा ग्रामीणों के हत्थे, 24 घंटे में पुलिस ने किया हत्या कांड का खुलासा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या मामले का सारण पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या कांड के मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
जानकारी के अनुसार शीतलपुर गांव निवासी रामजन्म पंडित की 80 वर्षीय पत्नी रुक्मीना देवी घर के बाहर बने कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान देर रात एक संदिग्ध युवक घर में घुसा। ग्रामीणों के अनुसार जेवर चोरी की नीयत से पहुंचे युवक ने वृद्ध महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया, लेकिन जल्दबाजी में अपना मोबाइल मृतका के बिस्तर पर ही छोड़ गया। कुछ देर बाद जब वह मोबाइल लेने दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा तो ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका की पुत्रवधू दुर्गावती देवी ने पुलिस को घटना की विस्तृत जानकारी दी।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 11 जून 2026 को दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में वृद्ध महिला की हत्या की सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू की। वादी के आवेदन पर दाउदपुर थाना कांड संख्या-183/26 दिनांक-12.06.26, धारा-103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मुख्य अभियुक्त वतन अली, पिता बाबुद्दीन मियां, निवासी शीतलपुर थाना-दाउदपुर, जिला-सारण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में दाउदपुर थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Daudpur News, Sitalpur Murder Case, Saran Crime News, Elderly Woman Murder, Manjhi News, Daudpur Police, Bihar Crime News

