छठ घाट पर डूबा युवक, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम; प्रशासन के खिलाफ फूटा गुस्सा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत क्षेत्र के दुर्गापुर गांव स्थित छठ घाट पर मंगलवार को सरयू नदी में स्नान के दौरान एक युवक के डूब जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। दुर्गापुर निवासी प्रेम कुमार सिंह के 20 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार सिंह, जो हाल ही में इंटर परीक्षा का परीक्षार्थी था, अपने साथियों और घर की महिलाओं के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जबकि परिजनों के रुदन-क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल अपने स्तर से शव की खोजबीन शुरू की, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी। इधर, घर में चल रही शादी की तैयारियां अचानक मातम में बदल गईं, क्योंकि रौशन के बड़े पापा हरेंद्र सिंह की पुत्री श्वेता कुमारी की शादी 7 मई को निर्धारित थी।
घटना के बाद प्रशासन की देरी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना के बावजूद करीब दो घंटे तक अंचलाधिकारी सौरभ अभिषेक के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज लोगों ने बलिया मोड़ पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया और लकड़ी आदि रखकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। लग्न के मौसम के कारण छपरा, बलिया, ताजपुर और एकमा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। जाम की सूचना मिलने पर विधायक रणधीर सिंह ने फोन कर सीओ को तत्काल पहुंचने का निर्देश दिया, लेकिन मौके पर पहुंचने पर आक्रोशित लोगों ने उन्हें घेरकर विरोध जताया और खदेड़ दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि प्रशासन ने समय पर एसडीआरएफ टीम बुलाने और राहत कार्य में सहयोग नहीं किया।
जाम के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे और लोगों को समझाने का प्रयास भी बेअसर रहा। बाद में छपरा के सदर एसडीओ नितेश कुमार भी पहुंचे, लेकिन उन्हें भी बैरंग लौटना पड़ा। ग्रामीण लगातार एसडीआरएफ टीम को बुलाने और भविष्य में मांझी में इसकी स्थायी तैनाती की मांग कर रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे एसडीआरएफ टीम के पहुंचकर खोजबीन शुरू करने के बाद जाम समाप्त हुआ और आवागमन बहाल हो सका। देर शाम सदर एसडीओ नितेश कुमार और एसडीपीओ राजकुमार की मौजूदगी में राहत कार्य जारी रहा, लेकिन खबर लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था।
Manjhi Drowning Case, Saryu River Incident, Saran News, Road Block Protest

