विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त: मुख्यमंत्री ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, वैकल्पिक यातायात व शीघ्र मरम्मत के निर्देश
पटना (बिहार): गंगा नदी पर स्थित विक्रमशिला सेतु के एक स्पैन के क्षतिग्रस्त होने के बाद राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। राजधानी स्थित 5, देशरत्न मार्ग पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सेतु के क्षतिग्रस्त होने से आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों से तकनीकी प्रतिवेदन प्राप्त कर क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्स्थापन का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए, ताकि पुल को सुरक्षित रूप से पुनः चालू किया जा सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गंगा नदी पर विक्रमशिला सेतु के समानांतर बन रहे नए 4-लेन पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने का भी निर्देश दिया, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्याओं से निपटा जा सके और यातायात का दबाव कम किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी पुलों के नियमित अनुरक्षण पर भी विशेष जोर दिया और कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्थिति पर लगातार नजर रखें और पूरी प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय रखते हुए आमजन को निर्बाध सुविधा उपलब्ध कराएं।
Vikramshila Bridge Damage, Bihar CM Meeting, Traffic Arrangement, Bridge Maintenance

