नीलगाय से टक्कर में युवक की मौत, इलाज कराने जा रहा था एकमा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा-ताजपुर मुख्य सड़क मार्ग पर चंदउपुर गांव के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के चेफुल पंचायत अंतर्गत इमादपुर बिंटोलिया निवासी दुखहरन प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। वह अपनी भतीजी को इलाज कराने के लिए बाइक से एकमा जा रहा था, तभी अचानक यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चंदउपुर गांव के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई और सीधे बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उठाकर एकमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां बिराजो देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि अमित कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। इस अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
घटना के बाद परिजन शव को गांव ले गए, जहां अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। मुखिया प्रतिनिधि अजीत सिंह भी मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
Ekma Accident News, Neelgai Collision, Saran Road Accident, Bihar News

