बिहार में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में हथियार व शराब बरामद
मधेपुरा (बिहार) | 05 मई 2026
मधेपुरा जिले में अपराध पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मधेपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के झंझरी गांव में छापेमारी कर एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई में अर्द्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण और बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, पुलिस मुख्यालय पटना एवं कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 4 मई को गुप्त सूचना के आधार पर ग्वालपाड़ा थानाध्यक्ष संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी उदाकिशुनगंज के निर्देशन में गठित इस टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद संबंधित स्थल पर घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अर्द्धनिर्मित देशी कट्टा, कई अधबने हथियारों के पार्ट्स, बैरल पाइप, ट्रिगर और फायरिंग पिन समेत बड़ी संख्या में उपकरण बरामद किए। इसके अलावा करीब 150 लीटर देशी चुलाई शराब और शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर समेत कई तकनीकी उपकरण भी बरामद किए, जिनका उपयोग हथियार निर्माण में किया जा रहा था।
इस मामले में ग्वालपाड़ा थाना कांड संख्या 71/26, दिनांक 04 मई 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि इस अवैध फैक्ट्री का संचालन अभिनंदन महतो द्वारा अपने घर में परिवार और सहयोगियों के साथ मिलकर किया जा रहा था। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस छापेमारी में थानाध्यक्ष संतोष कुमार, उपेंद्र कुमार, किशोरी प्रसाद, तमजीद अहमद खां, जयप्रकाश सिंह, एसटीएफ टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। मधेपुरा पुलिस ने आमजन को आश्वस्त किया है कि अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Madhepura Police Action, Illegal Gun Factory, Bihar Crime News, Arms Seizure

