सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव के समीप सोमवार की देर शाम पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने वाहन से कुल 464.4 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र से शराब की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फुलवरिया गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस की कार्रवाई देख तस्कर वाहन छोड़कर भाग निकला। इसके बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने जब्त स्कॉर्पियो को थाने लाकर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार फरार तस्कर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
शराब तस्करों का पीछा करने के दौरान डायल-112 की पुलिस बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। इस हादसे में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का प्राथमिक उपचार कराया गया है।
पुलिस अब इस मामले में शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

