सांसद रुडी की अध्यक्षता में वाराणसी मंडल संसदीय समिति की बैठक, रेल विकास एवं यात्री सुविधाओं पर लिए गए अहम निर्णय
बलिया-छपरा-सिवान से पटना के लिए डीएमयू/मेमू सेवा का प्रस्ताव, स्टेशनों पर सुरक्षा व यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल की मंडल संसदीय समिति की बैठक मंगलवार को वाराणसी में संपन्न हुई। बैठक में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर सहित कई सांसदों एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में रेल विकास, यात्री सुविधाओं एवं जनसमस्याओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सारण एवं आसपास के क्षेत्रों से जुड़े कई अहम प्रस्ताव रखे गए। बलिया-छपरा-सिवान से पटना के लिए डीएमयू/मेमू सेवा प्रारंभ करने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा छपरा कचहरी स्टेशन पर मौर्य, बाघ एवं लिच्छवी एक्सप्रेस के पुनः ठहराव, कामायनी एवं बलिया-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन के छपरा तक विस्तार पर भी चर्चा हुई।
अध्यक्ष राजीव प्रताप रूडी ने निर्देश दिया कि रेलवे बोर्ड को भेजे जाने वाले सभी प्रस्ताव स्पष्ट तथ्यों एवं मंतव्य के साथ भेजे जाएं। उन्होंने प्रत्येक सांसद के लिए रेलवे का एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्णय भी लिया, ताकि जनप्रतिनिधियों और रेलवे प्रशासन के बीच नियमित समन्वय बना रहे।
बैठक में समपार फाटक, आरयूबी एवं अंडरपास निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जलजमाव प्रभावित स्थलों की सूची उपलब्ध कराने तथा स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। जहां आवश्यकता हो वहां नए अंडरपास निर्माण एवं पुराने अंडरपासों को जलजमाव मुक्त बनाने पर भी जोर दिया गया।
महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सरल बनाने पर चर्चा हुई। वहीं सभी छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा केंद्रीकृत मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
रेलवे एवं स्थानीय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए नगर निगम, नगर परिषद, पंचायत प्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों की संयुक्त समन्वय समिति गठित करने का सुझाव दिया गया, ताकि जल निकासी, सड़क, प्रकाश एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
सारण क्षेत्र से जुड़े विषयों में पटेढ़ी रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज निर्माण, उत्तर एवं दक्षिण संपर्क पथ विकास तथा प्रमुख ट्रेनों के ठहराव पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही छपरा जंक्शन के समग्र पुनर्विकास, प्लेटफॉर्म संख्या 6, 7 एवं 8 पर लिफ्ट, रैंप, फुट ओवरब्रिज विस्तार, एसी लाउंज स्थापना, स्टेशन सलाहकार समिति गठन, रेलवे भूमि संरक्षण, पार्किंग व्यवस्था एवं रिविलगंज मार्ग के पुनर्निर्माण जैसे मुद्दों पर विस्तार से विमर्श किया गया।
राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि रेलवे विकास एवं जनसुविधा दोनों के लिए जनप्रतिनिधियों और रेलवे प्रशासन के बीच सतत समन्वय आवश्यक है तथा बैठक में उठाए गए विषयों के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
#RajivPratapRudy #RailwayNews #Chapra #SaranNews #IndianRailways #VaranasiDivision #DMU #MEMU #RailDevelopment #BiharNews #PassengerFacilities #RailwayMeeting

