प्रेमी युगल की थाने में हुई शादी: रिविलगंज थाना परिसर के शिव मंदिर में सात फेरे लेकर बने जीवनसाथी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के रिविलगंज थाना परिसर गुरुवार की शाम एक अनोखी शादी का साक्षी बना। प्रेम प्रसंग के चलते घर छोड़कर चले गए एक युवक और युवती ने पुलिस, जनप्रतिनिधियों तथा दोनों परिवारों की मौजूदगी में थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। दोनों के बालिग होने और अपनी इच्छा से साथ रहने की बात सामने आने के बाद आपसी सहमति से यह विवाह संपन्न कराया गया।
जानकारी के अनुसार, रिविलगंज थाना क्षेत्र के जासा के टोला गांव निवासी गौतम मांझी के पुत्र मंजी मांझी और उसी गांव के दिनानाथ मांझी की पुत्री झुनी कुमारी के बीच पिछले कई महीनों से प्रेम संबंध था। करीब एक माह पूर्व दोनों घर छोड़कर चले गए थे। हाल ही में युवक अपनी प्रेमिका के साथ गांव लौटा, जिसके बाद युवती के परिजनों ने इसकी शिकायत रिविलगंज थाना में दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस दोनों को थाना लेकर आई। इसके बाद दोनों पक्षों के परिजनों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया। थाना परिसर में काफी देर तक बातचीत और समझाइश का दौर चला। इस दौरान युवक और युवती ने स्पष्ट रूप से एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की इच्छा जताई और विवाह करने की सहमति व्यक्त की।
पुलिस ने दोनों के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें दोनों बालिग पाए गए। इसके बाद दोनों परिवारों की सहमति तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराने का निर्णय लिया गया।
शिव मंदिर में पंडित गणेश मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में संपन्न कराईं। वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह के बाद दोनों परिवारों ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर रिविलगंज नगर पंचायत के चेयरमैन मुकेश यादव उर्फ सोनू, वार्ड पार्षद मनोज कुमार चौधरी, रिविलगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार, थाना के महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। थाना परिसर में संपन्न हुई यह अनोखी शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
रिविलगंज थाना शादी, थाना परिसर में शादी, सारण समाचार, छपरा न्यूज, प्रेमी युगल विवाह, रिविलगंज थाना, जासा के टोला, बिहार समाचार

