सारण: महज 8 घंटे में लूटकांड का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग का परिचय देते हुए अमनौर थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का महज आठ घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, पर्स, नकद राशि, आधार कार्ड, ब्लूटूथ, घटना में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई की रात अमनौर थाना क्षेत्र के बलहा गांधी चौक के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने तीन राहगीरों के साथ मारपीट की और चाकू का भय दिखाकर नकदी, मोबाइल फोन, चांदी की चेन समेत अन्य सामान लूट लिया। पीड़ितों के आवेदन के आधार पर अमनौर थाना कांड संख्या 271/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(9) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-1 के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर मात्र आठ घंटे के भीतर कांड का खुलासा कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनू कुमार उर्फ शशिशेखर सिंह (निवासी शेखपुरा धुप, थाना अमनौर), दिलीप कुमार (निवासी शेखपुरा धुप, थाना अमनौर) तथा नसरुद्दीन (निवासी बलहा, थाना अमनौर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के पास से पांच मोबाइल फोन, दो पर्स, 2,150 रुपये नकद, एक आधार कार्ड, एक ब्लूटूथ, एक चाकू तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार मुख्य आरोपित सोनू कुमार उर्फ शशिशेखर सिंह के विरुद्ध अमनौर थाना में आर्म्स एक्ट, चोरी, छेड़छाड़ और अन्य गंभीर धाराओं में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सारण पुलिस, अमनौर लूटकांड, अमनौर थाना, लूट का खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार, सारण क्राइम न्यूज़, बिहार पुलिस, छपरा समाचार

