सारण: आपराधिक वारदात की साजिश नाकाम, हथियार और स्कॉर्पियो के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को विफल कर दिया। पहलेजा थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने हथियार और स्कॉर्पियो वाहन के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 1:00 बजे गुप्त सूचना मिली कि पटना के दीघा से एक सफेद स्कॉर्पियो में सवार पांच लोग अवैध हथियारों के साथ पहलेजा थाना क्षेत्र में किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया गया।
करीब 1:45 बजे पटना की ओर से तेज रफ्तार में आ रही संदिग्ध स्कॉर्पियो को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेडिंग तोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया, जिसके बाद वाहन में सवार पांचों लोग स्कॉर्पियो छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके से दबोच लिया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरख नट (30 वर्ष), निवासी खगौलपुल, थाना खगौल, पटना तथा करण नट, निवासी सेबरीनगर, थाना रूपसपुर, पटना के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से एक लोडेड देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया।
इस मामले में पहलेजा थाना कांड संख्या 143/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गोरख नट के विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि करण नट का भी आपराधिक इतिहास रहा है।
सारण पुलिस ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सारण पुलिस, पहलेजा थाना, स्कॉर्पियो बरामद, देशी कट्टा बरामद, सारण अपराध, बिहार पुलिस, हथियार बरामद, छपरा क्राइम न्यूज़

