अब व्हाट्सऐप पर मिलेगी आयुष्मान योजना की हर सुविधा, घर बैठे बनाएं कार्ड और देखें इलाज का पूरा रिकॉर्ड
• 'आयुष्मान सारथी' व्हाट्सऐप चैटबॉट शुरू
• शिकायतों के त्वरित समाधान में मिलेगी मदद
• डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा
सारण (बिहार): आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के लाभार्थियों के लिए अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। केंद्र सरकार ने योजना से जुड़ी लगभग सभी प्रमुख सेवाओं को सीधे व्हाट्सऐप पर उपलब्ध करा दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) ने 'आयुष्मान सारथी' नाम से आधिकारिक व्हाट्सऐप चैटबॉट शुरू किया है, जिसके माध्यम से लाभार्थी 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन अपने मोबाइल से ही योजना की विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
सारण जिले सहित पूरे देश के करोड़ों आयुष्मान लाभार्थियों के लिए यह सुविधा खास तौर पर उपयोगी साबित होगी। अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने, पात्रता जांचने, अस्पताल की जानकारी लेने या शिकायत दर्ज कराने के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। केवल व्हाट्सऐप के माध्यम से यह सभी सेवाएं कुछ ही मिनटों में उपलब्ध होंगी।
घर बैठे मिलेंगी कई महत्वपूर्ण सेवाएं
'आयुष्मान सारथी' को PM-JAY सिस्टम के साथ सुरक्षित API आधारित तकनीक से जोड़ा गया है। इससे लाभार्थियों को रियल-टाइम जानकारी और सेवाएं मिलेंगी। इस चैटबॉट के जरिए लाभार्थी निम्नलिखित सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
चैटबॉट में मिलेगी ये जानकारी:
• आयुष्मान भारत योजना के तहत अपनी पात्रता की जांच
• नया आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आवेदन
• आयुष्मान कार्ड डाउनलोड करना
• e-KYC दोबारा कराना
• आधार कार्ड लिंक करना
• आयुष्मान कार्ड लॉक या अनलॉक करना
• 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों के लिए आयुष्मान वयो वंदना कार्ड की जानकारी
• योजना के तहत उपलब्ध वॉलेट बैलेंस देखना
• इलाज का पूरा रिकॉर्ड एवं हिस्ट्री देखना
• नजदीकी सूचीबद्ध (पैनल) अस्पताल की जानकारी प्राप्त करना
• शिकायत दर्ज करना, उसकी स्थिति जानना या शिकायत वापस लेना
• कॉल बैक का अनुरोध करना
• अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया (फीडबैक) देना
ग्रामीण परिवारों को मिलेगा सबसे अधिक लाभ
सारण जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं, जो आयुष्मान भारत योजना के पात्र होने के बावजूद जानकारी के अभाव या तकनीकी दिक्कतों के कारण योजना का पूरा लाभ नहीं उठा पाते हैं। अब व्हाट्सऐप के माध्यम से सीधे सेवाएं उपलब्ध होने से इन परिवारों के लिए प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी। मोबाइल पर ही पात्रता जांचने से लेकर कार्ड डाउनलोड करने तक की सुविधा मिलने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
शिकायतों के त्वरित समाधान में मिलेगी मदद
आयुष्मान सारथी केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लाभार्थियों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के बीच डिजिटल संवाद का भी माध्यम बनेगा। इसके जरिए शिकायतों का ऑनलाइन पंजीकरण, उनकी निगरानी और समाधान की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और पारदर्शी होगी। अस्पताल से इलाज के बाद मरीज सीधे अपनी प्रतिक्रिया भी दर्ज कर सकेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार करने में मदद मिलेगी।
डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा
सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी का मानना है कि 'आयुष्मान सारथी' डिजिटल तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। यह प्लेटफॉर्म लाभार्थियों के फीडबैक, शिकायतों और सेवा उपयोग से जुड़े आंकड़ों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार करने में भी मदद करेगा।
ऐसे करें 'आयुष्मान सारथी' का इस्तेमाल
आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी अपने मोबाइल में +91 72908 23838 नंबर सेव कर व्हाट्सऐप पर "Hi" लिखकर संदेश भेज सकते हैं। इसके बाद चैटबॉट स्वतः सक्रिय हो जाएगा और उपलब्ध सेवाओं की सूची सामने आ जाएगी। लाभार्थी अपनी आवश्यकता के अनुसार विकल्प चुनकर संबंधित सेवा का लाभ ले सकते हैं। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी और पूरी तरह सुरक्षित API आधारित प्रणाली पर कार्य करेगी।q

