शिक्षा विभाग के अवर सचिव 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
///जगत दर्शन न्यूज
पटना (बिहार): बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा विभाग के वेतन सत्यापन कोषांग के अवर सचिव अमोद मिश्रा को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार को गर्दनीबाग स्थित मिनिस्टर इन्क्लेव मोड़ के पास की गई। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने निगरानी थाना कांड संख्या-079/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, नालंदा जिले के बिहारशरीफ निवासी उमा शंकर उमरेबी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके एरियर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के बदले अवर सचिव अमोद मिश्रा द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए।
सत्यापन में आरोप सही मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान आरोपी अमोद मिश्रा को परिवादी से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उन्हें विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 79वां प्राथमिकी कांड दर्ज किया गया है। इनमें 74 ट्रैप कांड शामिल हैं, जिनमें अब तक 74 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में कुल 28,05,300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई है। वहीं वर्ष 2025 में ब्यूरो ने 101 ट्रैप कांड दर्ज कर 37,80,300 रुपये रिश्वत की राशि बरामद की थी।
बिहार निगरानी ब्यूरो, अमोद मिश्रा गिरफ्तार, शिक्षा विभाग रिश्वत मामला, पटना भ्रष्टाचार, Vigilance Bureau Bihar, Bribe Arrest Bihar, Bihar Education Department News
#Bihar #Patna #VigilanceBureau #Corruption #Bribery #EducationDepartment #BiharNews #BreakingNews #ZeroTolerance #IndiaNews
