विश्वामित्र सेना की पहल रंग लाई, वामन मंदिर विकास को कैबिनेट की मंजूरी; बक्सर बनेगा धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र
पटना (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार सरकार ने बक्सर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में बक्सर स्थित केंद्रीय कारा परिसर में अवस्थित भगवान वामन मंदिर के विकास, सौंदर्यीकरण एवं श्रद्धालुओं के लिए सुगम प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले को बक्सर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस पहल के पीछे लंबे समय से सक्रिय विश्वामित्र सेना द्वारा लगातार उठाई गई मांग और प्रयासों को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार भगवान वामन मंदिर परिसर की भूमि को अलग से चिन्हित कर सुरक्षित रखा जाएगा। मंदिर की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। साथ ही मंदिर तक श्रद्धालुओं की आसान और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बेहतर प्रवेश मार्ग विकसित किया जाएगा।
विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कुमार चौबे ने बिहार सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन वर्षों से बक्सर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने, ऐतिहासिक एवं पौराणिक धरोहरों के संरक्षण तथा उनके समुचित विकास की मांग करता रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय से संगठन की वर्षों पुरानी मांग को बड़ी सफलता मिली है।
राज कुमार चौबे ने विश्वास जताया कि यह फैसला केवल भगवान वामन मंदिर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बक्सर के अन्य ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के विकास का मार्ग भी प्रशस्त करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बक्सर को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने भी सरकार के इस फैसले पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि परियोजना पूरी होने के बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि होगी। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी तथा बक्सर धार्मिक पर्यटन के राष्ट्रीय मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित होगा।
Buxar Vaman Temple, Vaman Temple Development, Bihar Cabinet, Vishwamitra Sena, Raj Kumar Choubey, Buxar Religious Tourism, Bihar Tourism, Vaman Temple Beautification, Buxar News, Bihar Tourism

