सारण: शिक्षक शिक्षिका भी पीछे नहीं, प्रेम विवाह कर सोशल मीडिया पर छाए
शिक्षक-शिक्षिका का प्रेम विवाह बना चर्चा का विषय, सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मांगी सुरक्षा
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिला मुख्यालय स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय (यूएमवी) मौना हाई स्कूल में कार्यरत एक शिक्षक और शिक्षिका के प्रेम विवाह का मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। दोनों ने आर्य समाज मंदिर में विवाह करने के बाद वीडियो जारी कर स्वयं को बालिग बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि विवाह उनकी आपसी सहमति से हुआ है, लेकिन शिक्षिका के परिजनों से उन्हें जान का खतरा है।
शिक्षक हिमांशु कुमार और सरकारी शिक्षिका सरिता कुमारी ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में बताया कि दोनों ने 30 जून को आर्य समाज मंदिर में विधिवत हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। विवाह के तुरंत बाद इसकी सूचना ई-मेल के माध्यम से सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक तथा जलालपुर थानाध्यक्ष को दी गई। अगले दिन डाक के जरिए विवाह प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी संबंधित अधिकारियों को भेज दिए गए।
दंपति का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद शिक्षिका के परिजनों ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी। उनका कहना है कि विवाह से पहले भी परिजनों ने फोन पर धमकी दी थी और घर पहुंचकर जान से मारने की चेतावनी भी दी थी। इसी कारण वे फिलहाल अपने कार्यस्थल से दूर एक गोपनीय स्थान पर रहने को मजबूर हैं।
वीडियो में दोनों ने कहा कि वे बालिग हैं और अपनी इच्छा से प्रेम विवाह किया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे बिना किसी भय के अपने कार्यस्थल पर लौटकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
प्रेम विवाह और उसके बाद सोशल मीडिया पर जारी इस वीडियो ने जिले में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और इस मामले में आगे होने वाले निर्णय पर टिकी हैं।
देखिए पूरा वीडियो
Chhapra Teacher Love Marriage, Teacher Love Marriage Bihar, Sarita Kumari, Himanshu Kumar, UMV Mouna High School, Chhapra News, Bihar News, Social Media Viral, Love Marriage, Police Protection

